दर्दनाक! तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दो किशोरों को कुचला, तड़प-तड़प कर तोड़ा दम
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 12:56 PM (IST)
कानपुर: यूपी के कानपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां के कोहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा बैराज रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्कूटी पर सवार दो लड़कों को कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया।
हादसे में इन लोगों ने गवाई जान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अर्श (15) और मोहम्मद अहमद (16) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। पुलिस और पीड़ित परिवार के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवार रात लड़के रमज़ान के दौरान घर लौट रहे थे तभी गंगा बैराज के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने अपने माता-पिता को बताया था कि वे नमाज पढ़ने जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और भागने की कोशिश में किशोरों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे आ रहे दोस्त ने परिजनों को दी सूचना
हादसे के वक्त उनका एक अन्य दोस्त एक अलग स्कूटी पर उनके पीछे आ रहा था और उसके घटना देखी तथा परिजनों को सूचना दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। कोहना थाने से पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों को लाला लाजपत राय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह ले जाया गया है। पुलिस ने फरार चालक का पता लगाने और वाहन को जब्त करने के लिए तलाश अभियान शुरू किया है।

