यूपी उपचुनाव में पलटी बाजी! मैनपुरी, रामपुर और खतौली में BJP तीनों सीटों पर पीछे, सपा आगे
punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 10:42 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में यूपी उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। शुरूआती रुझानों की बात करें तो रामपुर औऱ खतौली सीट पर बीजेपी बढत बनाए हुई थी। वहीं मैनपुरी में सपा की डिंपल यादव बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन तीसरे राउंड के बाद बड़ा उलटफेर हो गया है। खतौली सीट पर सपा के सहयोगी दल RLD के मदन भैया लगातार बढ़त बनाए हुए है। वहीं बात करें रामपुर सीट की तो सपा के आसिम राजा आगे चल रहे हैं। वहीं मैनपुरी सीट पर तो पहले राउंड से सपा की डिंपल यादव बढ़त बनाए हुए है।
डिंपल पांचों विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। उनके विरोधी उम्मीदवार यानी कि बीजेपी के रघुराज शाक्य अपने गांव धोलपुर खेड़ा में भी पीछे चल रहे हैं। लगातार रुझान सामने आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग से सुबह 10 बजे तक मिले रूझानों के अनुसार मैनपुरी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी एवं पार्टी उम्मीदवार डिंपल यादव अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के रघुराज सिंह शाक्य से 45 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहीं थीं। इस अवधि में यादव को 84 हजार 251 वोट मिल चुके थे जबकि भाजपा प्रत्याशी के खाते में 38 हजार 988 मत आये थे। उधर, सपा के एक अन्य गढ़ रामपुर में भी पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद आसिम राजा सुबह 10 बजे तक अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के आकाश शर्मा से 3848 वोटों से बढ़त बनाये हुये थे। सपा के कद्दावर नेता आजम खान के करीबी राजा को 7778 वोट मिल चुके हैं। वहीं आकाश को सुबह 10 बजे तक 3930 मतदाताओं का आशीर्वाद मिला था।
मुजफ्फरनगर की खतौली सीट पर भाजपा का कब्जा शुरूआती रूझानो में कमजोर पड़ता दिखायी दे रहा है। भाजपा की राजकुमारी सैनी अपने निकटतम प्रतिद्धंदी रालोद प्रत्याशी मदन भैया से चार हजार से अधिक मतों से पिछड़ रहीं हैं। मदन भैया को सुबह दस बजे तक 7882 वोट और राजकुमारी को 3870 वोट मिल चुके थे। गौरतलब है कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण मैनपुरी संसदीय सीट पर उपचुनाव हो रहा है जबकि सपा के मोहम्मद आजम खान और भाजपा के विक्रम सैनी को विधानसभा के लिये अयोग्य ठहराने के कारण क्रमश: रामपुर और खतौली में उपचुनाव हो रहा है।