नदी में नहाने गए दो बच्चे तेज बहाव में बहे, तलाश में जुटे परिजन और ग्रामीण

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 01:50 PM (IST)

हरदोई (मनोज तिवारी): कासिमपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा कन्जौरा में मंगलवार शाम करीब 4 बजे सई नदी में नहाने गए दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। लापता बच्चों की पहचान इकरा पुत्री मखमूल (11) और दाऊद पुत्र मखमूल (10) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं ग्रामीण भी बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं।

बताया गया कि इकरा और दाऊद सई नदी के पुल के नीचे नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव में बह गए। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद कासिमपुर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कराई।

नदी में तेज बहाव होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को तलाश करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया है। बताया जा रहा है कि लखनऊ से गोताखोरों के पहुंचने में कुछ समय लग सकता है।घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम का माहौल हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मखमूल के चार बेटियां और दो बेटे हैं।

लापता बच्चों के परिजन नदी किनारे बेसब्री से उनके मिलने का इंतजार कर रहे हैं।मौके पर थाना प्रभारी घनश्याम राम, अतिरिक्त इंस्पेक्टर प्रेम पाल, ग्राम प्रधान छोटेलाल कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। पुलिस और ग्रामीणों की ओर से बच्चों की तलाश लगातार जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static