''लाल किला मेट्रो स्टेशन पर आ जाओ...'', खुशी-खुशी मिले दो दोस्त, अचानक दिल्ली में हुआ ब्लास्ट... और काल के गाल में समाए दोनों मित्र; अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 12:01 PM (IST)
अमरोहा: राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट में अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मंगरौला के रहने वाले 34 वर्षीय अशोक कुमार की मौत हो गई। वहीं 52 वर्षीय लोकेश अग्रवाल जो अमरोहा के हसनपुर के रहरा अड्डे का रहने वाला था। ये दोनों आपस में मित्र थे और दोनों अपने किसी रिश्तेदार को अस्पताल में देखने जा रहे थे, तभी ब्लास्ट हो गया। जिसमें अशोक और उसके मित्र लोकेश की मौत हो गई। बता दें कि लोकेश ने अशोक को फोन करके लाल किला मेट्रो स्टेशन पर बुलाया था। ब्लास्ट के बाद दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घर पहुंचे लोकेश और अशोक के शव
मृतक अशोक दिल्ली में डीटीसी बस पर परिचालक था। वहीं लोकेश अग्रवाल खाद विक्रेता थे। अशोक के परिवार में पत्नी सोनम, एक लड़का और दो लड़कियां हैं। अशोक की मौत से बच्चों समेत पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद दोनों मृतकों के घर पर चीख-पुकार मची हुई है। वहीं पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है। लोकेश और अशोक के शव का दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया और मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे दोनों के शव अलग-अलग वाहनों से घर पहुंचे। अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
बृजघाट पर होगा अंतिम संस्कार
मृतकों के क्षत-विक्षत शव देखकर माहौल अत्यंत गमगीन हो गया। परिवारों में चीत्कार के साथ ही उपस्थित लोगों की आंखों से आंसू निकल पड़े। लोकेश के चाचा अहमदाबाद से भतीजे की मृत्यु की खबर सुनकर हसनपुर लौट रहे हैं। उनके आने के बाद बृजघाट गंगा तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिल्ली से सटे बॉर्डरों पर हाई अलर्ट
दिल्ली में बीती रात अचानक लाल किला के पास ब्लास्ट हुआ, जिसमें पूरा देश दहल गया। इस धमाके में 9 लोगों की मौत तो 20 लोगों के घायल होने की खबर आई है। ब्लास्ट के बाद दिल्ली से सटे तमाम बॉर्डर्स पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गाड़ियों को रोक कर उनकी चेकिंग की जा रही है और चेकिंग के बाद ही गाड़ियों को दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है।

