Crime News: दुष्कर्म के आरोप में दो किशोर गिरफ्तार, भेजे गए बाल संरक्षण गृह
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 07:37 PM (IST)
संत कबीर नगर: जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में दो किशोर समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बालिग आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर कारागार भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। मेहदावल के पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की की मां ने शनिवार को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दो नाबालिग समेत तीन लोगों ने बृहस्पतिवार व शुक्रवार की मध्य रात उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी से कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने रविवार को बखिरा थाना क्षेत्र के भैसमथान गांव से तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक (19) को जेल भेज दिया गया है, जबकि 17 वर्ष से कम उम्र के दोनों नाबालिगों को बाल संरक्षण गृह भेजकर मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

