एनकाउंटर की धमकी देकर वसूली 21 लाख रुपये की रंगदारी, दो दरोगा निलंबित

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:05 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस के दो दरोगाओं पर एक सूत/धागा कारोबारी 21 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। कारर्वाई के बाद दोनों आरोपी दरोगा फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, लोहिया नगर थाने और उसके अंतर्गत आने वाली बिजली बंबा चौकी से संबंधित यह मामला सामने आया है। 

ये भी लगे आरेप 
आरोप है कि यहां तैनात दो दरोगाओं लोकेंद्र साहू और मुकेश कुमार ने टीपी नगर/लिसाड़ी गेट क्षेत्र के एक सूत कारोबारी को हवाला लेनदेन के झूठे आरोप में फंसाने और एनकाउंटर की धमकी देकर करीब 21 लाख रुपये वसूल लिए। कारोबारी को लगभग डेढ़ दिन तक चौकी पर रोके रखने और परिजनों से मिलने नहीं देने की बात भी सामने आई है। 

जांच में हुआ खुलासा  
पीड़ित कारोबारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी जिसके बाद मामले की जांच पुलिस अधीक्षक नगर को सौंपी गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कारोबारी से जबरन रकम वसूली गई थी जबकि हवाला लेनदेन का आरोप निराधार पाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों दरोगाओं के खिलाफ रंगदारी और भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। 

क्राइम ब्रांच कार्यालय से फरार हो गए दोनों दरोगा 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बताया कि जांच के दौरान दोनों दरोगाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था और उन्हें पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में बैठाया गया जहां से दोनों फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। इस प्रकरण में लोहियानगर थाने के प्रभारी की भूमिका को भी संदिग्ध मानते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर सख्त कारर्वाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static