UP: बालगृहों के 472 निराश्रित बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिला, 197 बालिकाएं शामिल

punjabkesari.in Thursday, Apr 04, 2024 - 05:22 PM (IST)

प्रयागराज: किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अजय भनोट की पहल पर प्रदेश के सभी बालगृहों के कुल 472 निराश्रित बच्चों का दाखिला अंग्रेजी माध्यम के पब्लिक स्कूलों में कराया गया है। इनमें 275 बालक और 197 बालिकाएं शामिल हैं। इससे अब बालगृह के बच्चे स्तरीय शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। यह जानकारी देते हुए प्रयागराज के जिला प्रोबेशन (परिवीक्षा) अधिकारी सर्वजीत सिंह ने बताया की यहां के राजकीय शिशुगृह के 12 बच्चों का दाखिला अंग्रेजी माध्यम के वशिष्ठ वात्सल्य पब्लिक स्कूल में कराया गया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अजय भनोट और उनकी पत्नी ने इन बच्चों को तिलक लगाकर और दही-शक्कर खिलाकर स्कूल के लिए विदा किया। 

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि विद्यालय जाने वाले बच्चे नई किताब, कापी और बस्ता पाकर उत्साहित दिखे। न्यायमूर्ति अजय भनोट और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में इन बच्चों को पठन-पाठन सामग्री और उपहार देकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। मिश्र ने बताया कि प्रयागराज के आठ बच्चों का दाखिला मेरठ और शाहजहांपुर में डीपीएस में कराया गया है। किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष के पर्यवेक्षण में शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश के सभी राजकीय बाल गृहों में यह कार्य संचालित किया जा रहा है। 

जून, 2023 में किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के साथ न्यायमूर्ति अजय भनोट ने बालगृहों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा पर काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस मिशन को पूरा करने का बीड़ा किशोर न्याय समिति के ज्वाइंट रजिस्ट्रार दिवाकर द्विवेदी ने उठाया। इससे बालगृहों की सीमा में बंधे बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नवनीत चहल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के संयुक्त निबंधक दिवाकर द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र, बालगृहों के अधीक्षक, कर्मचारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static