UP By Election 2022: CM योगी, राजनाथ भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मांगेंगे वोट, BJP ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची की जारी
punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2022 - 01:47 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट और खतौली एवं रामपुर शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरूवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी।
सूची में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 40 नेताओं का नाम शामिल है। प्रचारकों की सूची में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा के पदाधिकारी शामिल हैं।
गौरतलब है कि मैनपुरी संसदीय सीट समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण रिक्त हुयी है जबकि हेट स्पीच के मामले में तीन साल की सजा पाये सपा नेता आजम खान की विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने के कारण रामपुर शहर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। खतौली विधानसभा सीट विक्रम सिंह सैनी के अयोग्य होने के कारण खाली हुई है।