Up News: अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 06, 2023 - 04:28 AM (IST)

लखीमपुर खीरी, Up News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया है। यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दुगुनी करने का झूठा वादा किया। महंगाई बढ़ गई। किसानों की आमदनी घट गयी। कभी लखीमपुर गन्ने और मिठास के लिए जाना जाता था। किसानों को कार से रौंदा गया। लखीमपुर में किसान मारे गए। भाजपा सरकार में किसानों को न्याय नहीं मिला। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को बर्बाद कर दिया है। पिछड़ों, दलितों को धोखा दिया है। भाजपा सरकार ने भाजपा के नेताओं को खुली छूट दे रखी है। वे चाहे जितनी गुण्डई करें, चाहे जो अपराध करे उनपर कोई कार्रवाई नहीं होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। हर वर्ग परेशान है। भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर सारी व्यवस्था चौपट कर दी है। नीति आयोग के आंकड़ों में यूपी सभी मामलों में पिछड़ गया है। भाजपा सरकार ने बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। भाजपा के नेता खुद टिफिन खा रहे है। बच्चों को किताबें, जूते, मोजे नहीं मिल रहे है। पढ़ाई चौपट हो चुकी है। पार्टी के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुये यादव ने कहा कि भाजपा का ट्रिपल इंजन आपस में ही टकरा रहा है। शासन-प्रशासन और भाजपा के नेता जनता को परेशान कर रहे है। भाजपा सरकार अपराधियों को बचा रही है। भाजपा के सांसद पुलिस के साथ मारपीट कर रहे हैं जिन पर कार्रवाई होनी चाहिए वह भागे फिर रहे है। जनता भाजपा को सत्ता से हटाने को तैयार है। 2024 में भाजपा का सफाया हो जाएगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर चलते रहेंगे। पार्टी की कोशिश है कि नेता, कार्यकर्ता मिलकर जनता के मुद्दे पर चर्चा करें उन्हें उठाएं। लखीमपुर प्रशिक्षण शिविर में आज 5 हजार से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिनमें अरविन्द सिंह गोप, राम अचल राजभर, मिठाई लाल भारती, सुधीर पंवार, राजीव निगम आदि शामिल थे।

Content Writer

Mamta Yadav