UP Weather Update: ठंड का ब्रेक या नया धोखा? 48 घंटे चढ़ेगा पारा, कोहरे के बीच 5 जनवरी से फिर लौटेगी कंपकंपाती सर्दी

punjabkesari.in Friday, Jan 02, 2026 - 06:38 AM (IST)

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से अब लोगों को कुछ राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि, कोहरे से अभी पूरी तरह छुटकारा नहीं मिलेगा और कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होने की संभावना है। इसी कारण दिन के समय ठंड का असर थोड़ा कम महसूस होगा।

इन जिलों में आज दिखेगा घना कोहरा
IMD के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। कई जगहों पर दृश्यता 300 से 600 मीटर तक रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा भी देखने को मिल सकता है।

आज इन जिलों में कोहरे का ज्यादा असर रहेगा—
गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, संभल, रामपुर, बिजनौर, हाथरस, मथुरा, आगरा, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, जालौन, झांसी, बांदा, इटावा, फिरोजाबाद, हमीरपुर और चित्रकूट। कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इन इलाकों में मिलेगी ठंड से राहत
पूर्वांचल के कई जिलों में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, अमेठी और रायबरेली में सुबह के बाद धूप खिलने की संभावना है। धूप निकलने से लोगों को दिन के समय ठंड से काफी राहत मिलेगी।

नोएडा और लखनऊ का मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप निकल आएगी। आज लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं नोएडा और आसपास के इलाकों में दिन के समय भी घना कोहरा रहने की संभावना है। यहां के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। नोएडा में आज न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

5 जनवरी के बाद फिर बदलेगा मौसम
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों बाद एक बार फिर ठंड बढ़ने लगेगी। अनुमान है कि 5 जनवरी से तापमान में फिर गिरावट शुरू होगी, जिसके साथ कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static