अपराध प्रदेश बन गया है उत्तर प्रदेश, महिलाएं..बच्चियां नहीं है सुरक्षित: अखिलेश यादव
punjabkesari.in Tuesday, May 27, 2025 - 08:36 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार की गलत नीतियों से उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार का जीरो टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। अपराधी खुले आम गोलियां चला रहे है, हत्याएं कर रहे है। उनको कानून का डर नहीं रह गया है।
'लखनऊ में दिन दहाड़े गोलियां चल रही है'
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में राजधानी लखनऊ तक में लोग सुरक्षित नहीं है। लखनऊ में दिन दहाड़े गोलियां चल रही है। गैंगवार हो रही है। राजधानी लखनऊ के सर्वोदय नगर में सड़क पर दौड़ा कर गोली मारी गई। लखनऊ के ही पारा में पापर्टी डीलर के दफ्तर में दबंगों ने लाठी-डंडो से हमलाकर पिटाई की।
'भाजपा राज में महिलाएं, बच्चियां अपमानित होती ही रहती है'
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जब उत्तर प्रदेश को एक स्थायी डीजीपी नहीं दे सकती है तो वह कानून व्यवस्था क्या संभालेगी। यह कैसी भाजपा सरकार है जहां चारों तरफ अराजकता ही अराजकता है। भाजपा राज में महिलाएं, बच्चियां आए दिन अपमानित होती ही रहती है। अभी दो दिन पहले अपनी इज्जत बचाने के लिए एक बच्ची को ऑटो से कूदना पड़ा। वह बुरी तरह घायल हो गई। कई छात्राओं ने छेड़खानी से तंग आकर फांसी भी लगा ली।