'हमें सीट नहीं, जीत चाहिए...उपचुनाव में BJP का करेंगे खुले मन से समर्थन: संजय निषाद

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 12:05 PM (IST)

UP News: एनडीए के सहयोगी निषाद पार्टी ने भाजपा से नाराजगी की खबरों के बीच बड़ा बयान दिया है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने कहा है कि उनकी पार्टी यूपी उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की खुलेआम समर्थन करेगी। उन्हें सीट नहीं जीत चाहिए। दरअसल, संजय निषाद ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि हम उपचुनाव नहीं लड़ेंगे क्योंकि हमें सीट नहीं जीत चाहिए।

'हम जीत के सहारे समाज में बहुत कुछ कर सकते है'
इस दौरान संजय निषाद ने कहा कि 'मेरी हमेशा एक विचारधारा रही है कि हमें हमें सीट नहीं जीत चाहिए और हम उस जीत के सहारे में समाज को बहुत कुछ दे सकते हैं। उस जीत की देन रही है कि 2017 में मैं चुनाव लड़ा था और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस-सपा-बसपा को हटना पड़ा, जो कि एक इतिहास था। इसके बाद आपने 2018, 19 फिर 2024 और 24  में भी ऐतिहासिक जीत आपने देखी।' उन्होंने कहा, 'आज हमें इस उपचुनाव में जीत चाहिए.हम खुद को सौभाग्यशाली समझते हैं कि हमें लेकर विपक्ष के लोग भी ट्वीट कर रहे हैं. कभी देश की बड़ी पार्टी रही कांग्रेस उत्तर प्रदेश में आज वो भी कह रही है कि हमें जीत चाहिए, सीट नहीं। मैं तो निषादराज का वंशज हूं, हम जीत के लिए आए हैं।'

 

'निषाद समाज पूरी तरह से भाजपा के साथ हैं'
इस प्रेस वार्ता में संजय निषाद ने कहा, 'योगी जी न्याय के लिए हमेशा आवाज उठाते हैं। हम खुले मन से भाजपा का समर्थन करते हैं। निषाद समाज पूरी तरह से भाजपा के साथ हैं। हमारे एक-एक कार्यकर्ता भाजपा उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करेंगे,वो केवल कमल नहीं है, बल्कि भोजन भरी थाली भी है। ये देखकर हमारे कार्यकर्ता बटन दबाएंगे और अपनी समस्याओं का समाधान कराएंगे।

'हम मिलकर विपक्ष को पराजित करेंगे'
इस संयुक्त रूप से की गई प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि संजय निषाद अपनी मेहनत के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हम मिलकर लड़ेंगे और विपक्ष को पराजित करेंगे। इंडिया गठबंधन की फटाफट और सफाचट की नीति जनता समझ चुकी है। सपा सरकार में निषाद समाज के लोगों का उत्पीड़न होता था और महिलाओं का बलात्कार होता था।

इन सीटों पर होगा चुनाव
बता दें कि यूपी की नौ सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होने हैं। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। जिन विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं उनमें कटेहरी (आंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर शहर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) शामिल हैं। आज यानी 25 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है। उपचुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी निषाद पार्टी ने भाजपा से नाराजगी की खबरों सामने आ रही थी, लेकिन अब निषाद पार्टी ने भाजपा का समर्थन करने की बात कही है।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static