शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बारातियों से भरी बस रोडवेज से भिड़ी…तीन की मौत, कई घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 01:16 PM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी स्थित बांके बिहारी लॉ कॉलेज के सामने बारातियों से भरी एक बस और सामने से आ रही रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस चालक समेत करीब 10 लोग घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बसों से बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार रोडवेज बस चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static