मुलायम सिंह यादव को मिले पद्म भूषण सम्मान पर ये क्या बोल गए ओमप्रकाश राजभर?
punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2023 - 08:57 PM (IST)

बलियाः सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह को मिले अवार्ड को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजभर ने कहा कि मुलायम सिंह से भी अच्छा काम करने वाले बहुत महापुरुष हैं जो इतिहास में गुम हैं।
दरअसल आज यूपी के तीन बार मुख्यमंत्री, देश के रक्षा मंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। मुलायम सिंह के पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति भवन में सम्मान ग्रहण किया। राजभर से जब मीडिया ने इसपर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह से भी अच्छा काम करने वाले बहुत महापुरुष हैं जो इतिहास में गुम हैं उन्हें भी उजागर करके लाना चाहिए। महाराजा सुहलदेव के सम्मान के लिए हम लोग भी प्रस्ताव दिए हैं।
बनाना है तो दूसरा मोर्चा बनाओ, तीसरा मोर्चा क्यों बना रहे हो?
वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा क्यों बना रहे हो दूसरा मोर्चा बनाओ। मोर्चा दूसरा बनाना है और यह तीसरा बनाने में लगे हैं। तीसरा मोर्चा वो बना रहे हैं जो 10 वोट भी नहीं दिला सकते हैं। दूसरा मोर्चा बनाओ और दुसरे मोर्चा में तय करलो। अगर नहीं समझ में आता है तो दो ही चेहरे हैं यूपी में। सबसे बढ़िया लीडर मायावती जी को हम देखते हैं और देश की राजनीति में अगर मायावती जी नहीं पसंद हैं तो खड़गे जी को पकड़ लो। सभी लोग एक होकर लड़ो, अगर सब लोग अलग-अलग लड़ोगे तो लड़ाई नहीं है।
जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है
वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंच से नारा भी लगाया कि जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है, और कार्यकर्ताओं से भी नारे लगवाया। राजभर ने आगे कहा कि हम सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि जो जहां पर बस गया है उसे वहां पर रहने दिया जाए उसे उजाड़ा न जाए।