Mission 2022: महान दल के सहारे पिछड़ी जातियों को साधने में जुटी सपा !

punjabkesari.in Thursday, Aug 26, 2021 - 07:24 PM (IST)

इटावा (हरिओम): महान दल की जनाक्रोश यात्रा का आज सैफई में समापन हो गया। केशव देव मौर्य की अगुवाई में महान दल के कार्यकर्त्ता पूरे प्रदेश में 16 अगस्त से यात्रा कर रहे थे। सैफई के नुमाइश पंडाल में आयोजित समापन समारोह में सपा महासचिव रामगोपाल यादव की मौजूदगी में महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने 2022 के चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने का दावा किया।

इस मौके पर केशव ने प्रदेश की सत्ताधारी बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता झूठे और फरेबी हैं। इस सरकार में मंहगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। गठबंधन को लेकर केशव ने कहा कि ‌'मैंने राजनीति की शुरुआत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में की थी। लेकिन मौर्य समाज के लोगों के साथ हो रहे शोषण के कारण महान दल बनाना पड़ा। समाजवादी परिवार के साथ वे हमेशा जुड़े रहेंगे।‘ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि वे 2022 का विधानसभा चुनाव छोटे दलों के साथ गठबंधन करके लड़ेंगे। इस लिहाज से महान दल के अलावा आने वाले समय में सपा के साथ अन्य छोटे दलों के आने की भी संभावनाएं हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शाक्य और मौर्य समेत पिछड़ी जातियों को अपना समर्थक मानने वाला महान दल 2014 का लोकसभा चुनाव 3 सीटों पर लड़ चुका है। हालांकि उसे तीनों ही सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

महान दल का मानना है की उनके पास उनका कोर वोटर है, जिसकी दम पर वे अपने प्रभाव वाली सीटों पर समाजवादी पार्टी को जीत दिलाएंगे। हालांकि सीट शेयरिंग को लेकर अभी तक समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोई भी औपचारिक घोषणा नहीं की है। जनाक्रोश यात्रा के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि ‘मोदी सरकार देश की सरकारी संपत्ति को 4 से 5 लोगों को बेचना चाहती है। और अधिक से अधिक सेवाओं में निजीकरण कर देश के आम जनमानस के लिए मुसीबतें पैदा कर रही है। आने वाले समय में युवाओं के रोजगार के लिए संकट की स्थिति आने वाली है।‘

सपा महासचिव केशव देव मौर्य की तारीफ करने से भी नहीं चूके। उन्होंने कहा कि महाभारत में जब द्रोपदी का चीरहरण हो रहा था तब उन्हें बचाने के लिए केशव यानी भगवान कृष्ण आए थे। वैसे ही आज उत्तर प्रदेश की जनता को बीजेपी की जालिम सरकार से बचाने के लिए महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य समाजवादी पार्टी के साथ आ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static