सुहागरात पर अकेली बैठी रही दुल्हन! सुबह पति निकला जेठानी के कमरे से—गोरखपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला आरोप
punjabkesari.in Sunday, Dec 28, 2025 - 08:02 AM (IST)
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने पति पर उसकी भाभी यानी जेठानी के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो पति, जेठ और जेठानी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और दहेज के लिए प्रताड़ित किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुहागरात पर अकेली बैठी रही, पति नहीं आया
बेलीपार थाना क्षेत्र की रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 13 जुलाई 2025 को बांसगांव थाना क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद वह अपने पति के साथ अहमदाबाद चली गई, जहां उसके जेठ और जेठानी रहते हैं। महिला के मुताबिक, अहमदाबाद पहुंचने के बाद पहली ही रात वह सुहागरात के लिए अपने कमरे में पति का इंतजार करती रही, लेकिन पति पूरी रात कमरे में नहीं आया। सुबह जब वह बाहर निकली तो उसने देखा कि उसका पति जेठानी के कमरे से निकल रहा था, जिससे उसे शक हुआ।
रंगे हाथ पकड़ा तो शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़िता ने बताया कि जब उसने पति से इस बारे में पूछा तो उसने कोई साफ जवाब नहीं दिया। इसके बाद यह सिलसिला लगातार चलता रहा। एक दिन उसने पति और जेठानी को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़ लिया। जब उसने इसकी शिकायत अपने जेठ से की, तो पति, जेठ और जेठानी तीनों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद रोजाना उसके साथ क्रूर व्यवहार किया जाने लगा।
मायके वालों ने समझाने की कोशिश की, नहीं हुआ असर
महिला ने बताया कि उसने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। इसके बाद उसके परिजन अहमदाबाद पहुंचे और ससुराल पक्ष से बातचीत भी की, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। परेशान होकर महिला 20 अक्टूबर 2025 को अहमदाबाद छोड़कर अपने मायके आ गई। तब से वह वहीं रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने दहेज में नकद और अन्य सामान भी दिया था, इसके बावजूद उसे प्रताड़ित किया गया।
पति, जेठ और जेठानी पर मुकदमा दर्ज
महिला की शिकायत पर बेलीपार थाने में पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस बोली—आरोपियों से होगी पूछताछ
इस मामले में बेलीपार थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस टीम अहमदाबाद जाकर भी जांच करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

