जेवर लेकर घर से निकली, फिर कुएं में मिली लाश; मुरादाबाद मर्डर मिस्ट्री का चौंकाने वाला खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 08:38 AM (IST)
Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र में 28 फरवरी को हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के सगे जीजा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों के चलते उपजे विवाद और लोक-लाज के डर से जीजा ने अपनी ही साली की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
कुएं में मिली थी 21 वर्षीय युवती की लाश
बीती 28 फरवरी को ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में एक 15 फीट गहरे सूखे कुएं में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में मृतका की पहचान संभल जिले के ग्राम कमालपुर काफरपुर निवासी शाबरीन उर्फ समरीन (21 वर्ष) के रूप में हुई। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने जब कड़ियाँ जोड़ीं, तो शक की सुई मृतका के जीजा हासिम पर जाकर टिकी।
साली के साथ अवैध संबंध और निकाह का दबाव
पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी हासिम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हासिम ने बताया कि उसके अपनी सगी साली शाबरीन के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे। शाबरीन उस पर लगातार निकाह (शादी) करने का दबाव बना रही थी। शादी ना करने पर शाबरीन ने उसे खुदकुशी कर फंसाने की धमकी दी थी। बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से हासिम ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
मर्डर की खौफनाक प्लानिंग, जेवरात के बहाने बुलाया
हासिम ने अपने दो दोस्तों, अजीम बाबा और आदिल के साथ मिलकर हत्या का प्लान बनाया। 26/27 फरवरी की रात हासिम ने शाबरीन को फोन कर मिलने बुलाया और उसे अपने साथ घर से जेवरात लाने को कहा। जब शाबरीन गहने लेकर पहुंची, तो हासिम उसे नहर की पटरी की ओर सुनसान इलाके में ले गया। वहां विवाद होने पर हासिम ने शाबरीन के ही दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को सूखे कुएं में फेंक दिया।
बरामदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों हासिम, अजीम और आदिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है। मृतका के तीन जोड़ी सूट और बुर्का। चांदी के भारी जेवरात (जो वह घर से लाई थी)। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल।

