Crime News: खून से लथपथ महिला मिली, दुष्कर्म की आशंका, गंभीर हालत में BRD Medical College में भर्ती

punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 03:31 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला पर हुए बर्बर हमले से सनसनी फैल गई। 40 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में बीआरसी खजनी के पीछे पड़ी मिली, उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने महिला को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है।

सुबह स्कूल कर्मचारियों को मिली सूचना
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह करीब 9 बजे बीआरसी परिसर के पास तैनात स्कूल कर्मचारियों ने किसी के कराहने की आवाज सुनी। शुरुआत में उसे जानवर समझा गया, लेकिन आवाज तेज होने पर पास जाकर देखा तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। कर्मचारियों ने तुरंत खजनी पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष अनूप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी साउथ जितेंद्र कुमार और सीओ खजनी उदय प्रताप सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया और घटना स्थल से सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद सिर पर ईंट से हमला किया गया। फिलहाल महिला की हालत इतनी गंभीर है कि उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static