वाह: 8 साल की बच्ची से रेप के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 01:12 PM (IST)

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले में आठ साल की बच्ची से चाकू के बल पर दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस घटना स्थल से वापस ला रही थी तभी उसने पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। फिर क्या था, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोली मार दी जोकि उसके पैर पर लगी।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि कस्बा सूरजपुर में रहने वाली आठ वर्षीय बच्ची के साथ बुधवार को सोनू वर्मा नामक व्यक्ति ने चाकू के बल पर उसे अगवा करके बलात्कार किया था। उन्होंने बताया कि घटना की प्राथिमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को कल ही गिरफ्तार कर लिया था। अपर उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू उसने मोजर बेयर कंपनी के पीछे छुपा रखा है।

उन्होंने बताया कि देर रात को पुलिस चाकू बरामद करने के लिए मोजर बेयर कंपनी के पास आरोपी को लेकर गई। वहां से पुलिस ने चाकू बरामद किया। उसके बाद उसे लेकर पुलिस वापस थाने लौट रही थी। तभी आरोपी ने एक उपनिरीक्षक की पिस्तौल छीन ली तथा पुलिस पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई जो सोनू के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Ajay kumar