कांग्रेस देश से मांगे माफी: CM योगी बोले- अयोध्या दिवस पर काला कपड़ा पहनकर प्रदर्शन रामभक्तों का अपमान

punjabkesari.in Friday, Aug 05, 2022 - 09:28 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंहगाई के विरोध में काले कपड़े पहनकर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए कहा कि आज हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है क्योंकि 5 अगस्त को ही श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए पूजन किया गया था। यह सोचने वाली बात है कि कांग्रेस ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करने के लिये आज का ही दिन क्यों चुना। यह सभी राम भक्त और राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन में बलिदान देने वालों का अपमान है।  

योगी ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन उच्चतम न्यायालय का भी अपमान है और कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगना चाहिये। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज अयोध्या दिवस है, सैकड़ों वर्षों से हर भारतीय को इस दिवस का इंतजार था। श्रीराम जन्म भूमि मंदिर निर्माण के कार्य के शुभारंभ का दिन, भारत के लोकतंत्र को सम्मान देने वाला दिवस है। यह भारत की न्यायपालिका की ताकत को दुनिया के सामने अहसास कराने वाला दिवस है, यानी भारत के उच्चतम न्यायालय के सम्मान का दिवस है।       

उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों से हर भारतीय की तमन्ना थी और हर आस्थावान भारतीय इस दिवस का इंतजार कर रहा था। उन सबके मन में एक ही भाव था कि भारत की आस्था का सम्मान हो। माननीय उच्च्तम न्यायालय के फैसले से एक समान अनुमति मिली। पांच अगस्त 2020 को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जन्म भूमि पर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस दिन भारत की आस्था को अपमानित करने वाला कांग्रेस के नेताओं का आचरण अत्यन्त निंदनीय है। यह अयोध्या दिवस का अपमान है।       

योगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कई दिनों से सामान्य कपड़ों में प्रदर्शन कर रही थी। सहमति या असहमित हो सकती है, लेकिन पांच अगस्त को श्रीराम जन्म भूमि मंदिर निर्माण कार्य के शुभारंभ दिवस के दिन, अयोध्या दिवस के दिन, माननीय उच्च्तम न्यायालय के सम्मान दिवस के दिन, राम भक्तों को अपमानित करने वाला कांग्रेस का यह आचरण एक बार फिर जगजाहिर हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘आज कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहन कर जो प्रदर्शन किया है, यह रामभक्तों का अपमान है, अयोध्या दिवस का अपमान है, भारत के लोकतंत्र का अपमान है, भारत की न्यायपालिका के सम्मान का अपमान है, कांग्रेस के इस कृत्य की हम निंदा करते हैं।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस तरह का आचरण कर रही है, उसका समर्थन भारत का कोई भी आस्थावान व्यक्ति नहीं कर सकता है। कांग्रेस पार्टी को अपने इस कृत्य के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिये।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static