नल पर पानी भरते वक्त युवक को सांप ने काटा, पलभर में चली गई आवाज — डॉक्टर बोले: ऐसा केस पहली बार देखा!

punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 12:13 PM (IST)

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां ख्वाजा नंगला गांव के रहने वाले रोहित नाम के युवक को नल पर पानी भरते समय सांप ने हाथ में काट लिया। काटते ही रोहित जोर से चिल्लाया, लेकिन उसी पल उसकी आवाज पूरी तरह बंद हो गई।

सांप के डसने के बाद आवाज हुई गायब
परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से उस सांप को देखा था जिसने रोहित की उंगली पर काटा था। शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि जहर का असर कम होगा, इसलिए उन्होंने एक दिन तक घर पर ही इलाज किया। लेकिन जब आवाज बिल्कुल नहीं लौटी, तो वे तुरंत रोहित को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने बताया — बेहद दुर्लभ मामला
अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि रोहित को सचमुच सांप ने डसा था। उसे एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाया गया। लेकिन जब हालत गंभीर होती गई, तो उसे मेरठ के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार यह मामला बेहद दुर्लभ (Rare Case) है। सांप के जहर ने सीधे वोकल कॉर्ड (गले की आवाज वाली नस) को प्रभावित कर दिया, जिससे उसकी आवाज बंद हो गई।

फिलहाल हालत स्थिर, लेकिन आवाज नहीं लौटी
डॉक्टरों का कहना है कि रोहित की स्थिति अब स्थिर है, लेकिन उसकी आवाज अब तक वापस नहीं आई। परिवार वाले उम्मीद कर रहे हैं कि इलाज से उसकी बोलने की शक्ति जल्द लौट आएगी।

गांव में चर्चा का विषय बना मामला
यह अनोखी घटना पूरे ख्वाजा नंगला गांव में चर्चा का विषय बन गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक सांप के डसने से किसी की आवाज़ कैसे चली गई। कई लोग इसे रहस्यमयी मामला बता रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static