CM ने छात्र-छात्राओं को ई-संवाद कार्यक्रम में किया संबोधित, कहा- देशभक्ति सभी सदगुणों की जननी

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2020 - 03:19 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य के छात्र-छात्राओं को ई-संवाद कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि देशभक्ति सभी सदगुणों की जननी होती है। जिस भी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाएं, उसका उद्देश्य देशभक्ति होनी चाहिए। जो भी करियर बनाएं, मकसद एक ही होना चाहिए कि देश के लिए कुछ करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए हनुमानजी से सीखा जा सकता है। ‘रामकाज किन्हे बिना मोहे आराम कहां'। जब तक लक्ष्य पूर्ति न हो, आराम नहीं करना है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की आज पुण्यतिथि है। हम उन्हें नमन करते हैं। वे सेना में अधिकारी बनना चाहते थे। देहरादून में साक्षात्कार के लिए आए परंतु उसमें सफल नहीं हुए। निराश हुए, तब ऋषिकेश गए, वहां एक संत से मार्गदर्शन लिया। इसके बाद उन्होंने पूरे मनोयोग से प्रयास किए और एक महान वैज्ञानिक बने। देश के राष्ट्रपति बने। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। हमारे राज्य में एक आईएएस हैं जो पहले श्रमिक का काम करते थे। उन्होंने मेहनत की और आईएएस बने। सफल होने के लिए जरूरी है कि हमारे प्रयास पूर्ण मनोयाग से हों।

वहीं सीएम रावत ने कहा कि राज्य में शिक्षा का मात्रात्मक प्रसार काफी हुआ है। अब विशेष तौर पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता शिक्षा पर ध्यान देना होगा। आज का युग कड़ी प्रतिस्पर्धा का है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बदलना होगा। इसी सोच के साथ सीपैट और ड्रोन एप्लीकेशन सेंटर की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि इसके अलावा नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी भी प्रारम्भ की जाएगी। जल्द ही नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट भी शुरू किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static