चमोली आपदा में उत्तर प्रदेश के कई मजदूर लापता, योगी सरकार के मंत्रियों ने CM रावत से की मुलाकात

punjabkesari.in Thursday, Feb 11, 2021 - 11:40 AM (IST)

 

हरिद्वारः उत्तराखंड के चमोली में 7 फरवरी को आई आपदा में राज्य और उत्तर प्रदेश के अभी भी कई मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। आपदा से संबंधित जानकारी के लिए हरिद्वार के भीमगोडा बैराज स्थित उप्र सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस को आपदा कंट्रोल रूम बनाया गया है।

हरिद्वार पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के 3 मंत्रियों में गन्ना मंत्री सुरेश राणा, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी और आपदा मंत्री विजय कश्यप ने बुधवार को आपदा नियंत्रण कक्ष के बारे में जानकारी दी। राणा ने बताया कि हरिद्वार में बनाए गए इस नियंत्रण कक्ष में आपदा से संबंधित सभी जानकारियां और सुविधाएं लोगों को दी जा रही है। सहारनपुर के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) और आयुक्त को यहां नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उत्तराखंड आपदा में उत्तर प्रदेश के 21 मजदूरों की सकुशल घर वापसी हो गई है।

वहीं 2 मजदूरों के शव बरामद हुए है, जिनका पोस्टमार्टम कराकर शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार मामले पर नजर बनाए हुए हैं और उत्तराखंड सरकार की हर संभव मदद करने का आश्वासन भी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया है। वहीं इससे पहले इन नेताओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से सचिवालय में उप्र के कैबिनेट मंत्री राणा, डॉ. सैनी एवं कश्यप ने भेंट की। उन्होंने जोशीमठ क्षेत्र के रैणी क्षेत्र में आई आपदा से सम्बन्धित बचाव एवं राहत कार्यों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से चर्चा की। कैबिनेट मंत्री राणा ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए हरिद्वार में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। वहां पर अतिरिक्त जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री योगी ने उत्तराखंड सरकार को इस आपदा के संकट पर सहयोग देने की बात कही है। मुख्यमंत्री रावत के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों को अपने जनपद से इस परियोजना में कार्यरत लोगों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उप्र के लापता लोगों की सूची एवं फोटो राज्य सरकार को प्रेषित कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस आपदा में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी एजेंसियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रैणी से लेकर नदी तटों के सभी स्थलों पर भी व्यापक खोजबीन की जा रही है ताकि लापता लोगों का पता लग सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static