70 साल का नेता 20 वर्षीय युवती संग चौथा निकाह कर बटोर रहा सुर्खियां, जानिए ये कौन है नेता ?
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 08:12 PM (IST)
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबद जिले में शहर के कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा एक पारिवारिक विवाद इन दिनों सुर्खियों में है, जहां समाजवादी पार्टी से जुड़े पूर्व पार्षद हाजी खलील का चौथा निकाह अब कानूनी और पारिवारिक टकराव में बदल गया है। 70 वर्ष की उम्र में 20 वर्षीय युवती से विवाह करने के बाद उनके परिवार में विवाद गहराता जा रहा है।
दूसरी पत्नी नाजरीन ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
दूसरी पत्नी नाजरीन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें वर्षों पहले निकाह के दौरान जो संपत्ति मेहर के रूप में मिली थी, अब उसी पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नई पत्नी के साथ मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
चौथे निकाह के बाद परिवार में तनाव
नाजरीन के अनुसार, वर्ष 1991 में हुए निकाह के समय उनसे यह तथ्य छिपाया गया था कि हाजी खलील पहले से विवाहित हैं और उनके बच्चे भी हैं। बाद में उन्हें इस सच्चाई का पता चला। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं और अब चौथे निकाह के बाद परिवार में तनाव चरम पर पहुंच गया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके बेटे को घर से निकाल दिया गया और अब उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हाजी खलील का विवादों से रहा नाता
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हाजी खलील पहले भी विभिन्न विवादों में घिर चुके हैं, जिनमें भूमि से जुड़े आरोप भी शामिल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

