Ghaziabad: 4 साल की भतीजी से दरिंदगी करने वाला इनामी हैवान एनकाउंटर में ढेर, अपनों ने भी शव लेने से किया इनकार
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 07:52 AM (IST)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में 4 वर्षीय भतीजी से कथित बलात्कार और उसकी हत्या करने के आरोपी 55 वर्षीय व्यक्ति की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उसके परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया है। पुलिस के अनुसार, जसीम नामक आरोपी शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में वांछित था। पीड़िता का शव एक खड़ी कार के नीचे मिला था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रविवार देर रात टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मारा गया। वह गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में कथित रूप से पुलिस पर गोलीबारी कर रहा था, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी को दिल्ली रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रैक किया गया था। सूचना मिली कि वह लोनी क्षेत्र में बंथला नहर के पास किसी से मिलने वाला है।
बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। रुकने के इशारे के बावजूद उसने भागने और गोली चलाने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल अमित और इकबाल घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस बीच, आरोपी के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उसके चचेरे भाई मेहबूब और सौतेले भाई नसीम ने कहा कि परिवार ने अपराध के दिन ही उससे संबंध समाप्त कर लिया था और वे शव पर दावा नहीं करेंगे। ट्रांस-हिंडन क्षेत्र के पसौंडा गांव में कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। नगर निगम पार्षद के पति फिरशाद चौधरी ने समर्थकों के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

