Mirzapur का अजूबा: सड़क के बीचों-बीच उगा दिया हैंडपंप! PWD की इस तूफानी इंजीनियरिंग को देख चकरा जाएगा सिर

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:59 AM (IST)

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। विंध्याचल इलाके में मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण के दौरान इंजीनियर और ठेकेदार हैंडपंप हटाना ही भूल गए और उसके चारों तरफ सड़क की पिचिंग कर दी। अब बीच सड़क पर खड़ा यह हैंडपंप राहगीरों के लिए मौत का फंदा बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?
विंध्याचल के दूधनाथ तिराहे से मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। आगामी नवरात्र मेले को देखते हुए विभाग पर काम जल्द पूरा करने का भारी दबाव था। इसी जल्दबाजी में अधिकारियों ने मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे लगे एक सरकारी हैंडपंप को हटाए बिना ही उसके ऊपर सड़क बना दी। सड़क बनने के बाद यह हैंडपंप अब किनारे के बजाय बीच सड़क पर आ गया है।

ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, वीडियो हुआ वायरल
स्थानीय निवासी कृष्णा यादव और कौशल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह विभाग की घोर लापरवाही है। रात के अंधेरे में कोई भी वाहन इस हैंडपंप से टकरा सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की पूरी आशंका है। ग्रामीणों ने जब इस अजूबे का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, तो यह देखते ही देखते वायरल हो गया। अब लोग PWD के इंजीनियरों को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।

इंजीनियर की सफाई और आनन-फानन में कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद सहायक अभियंता (AE) पीके पांडेय ने सफाई देते हुए कहा कि काम की जल्दबाजी में यह चूक हुई है। उन्होंने स्वीकार किया कि सड़क पिच करने के साथ ही इसे हटाया जाना चाहिए था। अब विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आनन-फानन में हैंडपंप को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static