9 साल की मोहब्बत का खौफनाक अंत! 20 हजार की हार बनी मौत की वजह — पत्नी ने रचा ऐसा खेल कि ''सुसाइड'' समझती रही दुनिया
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 02:29 PM (IST)
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की कैलाशपुरम कॉलोनी में रहने वाले आईवीआरआई (IVRI) के संविदाकर्मी जितेंद्र यादव की मौत को पहले आत्महत्या माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इसे हत्या साबित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
जितेंद्र यादव अपनी पत्नी ज्योति के साथ किराए के मकान में रहते थे। एक दिन घर में शोर मचा कि जितेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उनका शव मफलर के सहारे लटका मिला। कमरे में एक स्टूल भी रखा था और उनके पैर उसी पर टिके थे, जिससे पहली नजर में मामला आत्महत्या जैसा लगा। परिवार और आसपास के लोगों ने भी शुरुआत में इसे खुदकुशी समझा, लेकिन मामला तब पलट गया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली सच्चाई
डॉक्टरों की रिपोर्ट में साफ हुआ कि जितेंद्र की मौत गला दबाने से हुई थी। यानी पहले उनकी हत्या की गई, फिर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इसके बाद पुलिस ने केस की दिशा बदल दी और हत्या की धाराओं में जांच शुरू की।
पत्नी पर क्यों गया शक
मृतक के परिजनों ने पत्नी ज्योति पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही वह जितेंद्र पर पैतृक संपत्ति बेचने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि वह मकान और कार अपने नाम कराना चाहती थी। इन बातों को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) खंगाली। सामने आया कि घटना के समय पत्नी ने आखिरी फोन अपने मायके वालों को किया था। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और लोकेशन डिटेल से भी शक गहरा गया।
साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद इसे आत्महत्या दिखाने की साजिश रची गई। शव को फंदे पर टांगा गया ताकि किसी को शक न हो। जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरी योजना में पत्नी के कुछ रिश्तेदार भी शामिल हो सकते हैं।
पुलिस की कार्रवाई
मृतक के भाई अजय कुमार की तहरीर पर पहले आत्महत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला हत्या में बदल गया। बरेली एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने तेजी से जांच की। पुलिस ने पत्नी ज्योति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
9 साल के रिश्ते का दर्दनाक अंत
बताया जा रहा है कि जितेंद्र और ज्योति के बीच करीब 9 साल का प्रेम संबंध था, जिसके बाद दोनों ने शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद रिश्तों में तनाव बढ़ गया और आखिरकार यह मामला हत्या तक पहुंच गया।

