स्टील फैक्टरी में तड़के मची चीख-पुकार: 7 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, मलबे से मिला मजदूर का श/व
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 10:59 AM (IST)
Hapur News: हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक इस्पात कारखाने में भीषण आग लगने से एक मजदूर की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दमकल विभाग की टीम ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, धौलाना थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) फेज-3 स्थित 'मैसर्स सुख स्टील्स फैक्टरी' में तड़के करीब चार बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की विकरालता को देखते हुए गाजियाबाद से भी दमकल के दो वाहन बुलाए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझने के बाद मलबे से बागपत निवासी श्रमिक गुलफाम (50) का शव बरामद किया गया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे शावेज (30) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का संदेह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

