पति की ह/त्या कर बाथरूम के फर्श में गाड़ा, ऊपर से डाल दी कंक्रीट... फिर खुद ही थाने जाकर लिखवाई गुमशुदगी

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 07:22 AM (IST)

Agra News: आगरा पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला को अपने पति की कथित तौर पर हत्या करके उसके शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दबाने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला ने अपने पति के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार सिकंदरा थाना इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी में मौजूद इस दम्पति के घर के बाथरूम का फर्श खोदने के बाद सुरेंद्र शर्मा (45) का शव बरामद किया गया।

पूछताछ में खुला राज
सहायक पुलिस आयुक्त (ASP) अमीषा ने बताया कि शर्मा की कथित तौर पर हत्या उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने की थी। उन्होंने बताया कि रूबी शर्मा ने अपने अपराध को छिपाने के लिए शव को कथित तौर पर बाथरूम के फ़र्श के नीचे दबा दिया और ऊपर से कंक्रीट डाल दिया। उन्होंने बताया कि यह जानकारी तब सामने आई जब पुलिस ने व्यक्ति के लापता होने की शिकायत के बाद रूबी शर्मा से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने कथित हत्या का पता लगाया और शव बरामद किया।

पड़ोसियों से सवाल टालती रही कातिल पत्नी
पुलिस ने बताया कि रूबी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। पड़ोसी गौरव दीक्षित ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। दीक्षित ने बताया कि भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र शर्मा पिछले नौ साल से अपने परिवार के साथ रेणुका धाम कॉलोनी में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि पति के लापता होने के बाद पड़ोसियों ने कई बार रूबी शर्मा से उनके बारे में पूछा, लेकिन वह कथित तौर पर सवालों को हमेशा टालती रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static