फर्जी हिंदू नाम से सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर छात्रा को ले गया साथ... रे/प के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, धर्मांतरण केस में गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 12:14 PM (IST)

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक लड़की को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, भावनपुर थाने में 15 जुलाई को लड़की के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 (अपहरण) के तहत दर्ज किया गया था। 

शिकायत में लड़की के पिता ने आरोप लगाया गया था कि अब्दुल्लापुर निवासी मुईनुद्दीन उर्फ मन्नू (19) उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि मुईनुद्दीन नामक युवक ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर हिंदू नाम से फर्जी पहचान बनाकर छात्रा से दोस्ती की। इसके बाद उसने लड़की को अपने विश्वास में लिया और 14 जुलाई को उसे अपने साथ लेकर चला गया। लड़की के पिता ने भावनपुर थाने में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराएं भी बढ़ाई गईं। भावनपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी मुईनुद्दीन को गंगानगर जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static