वनकर्मी बनकर आए, पैसे मांगे... नहीं मिले तो जंगल में ले जाकर किया गैंगरे/प

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 09:54 AM (IST)

Chitrakoot News: धर्मनगरी चित्रकूट से एक बेहद खौफनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। देवांगना एयरपोर्ट के पास बाइक से घूमने आए एक 17 वर्षीय किशोर और उसकी 20 वर्षीय साथी युवती को 3 बाइक सवार बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर दोनों को रोका, जंगल में ले जाकर ब्लैकमेल किया और विरोध करने पर युवक की बेल्ट से बुरी तरह पिटाई कर बंधक बना लिया। इसके बाद 2 आरोपी युवती को जंगल के गहरे सन्नाटे में घसीट ले गए और बारी-बारी से गैंगरेप कर फरार हो गए।

खुद को वनकर्मी बताकर रोका, फिर वसूली की मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक और युवती देवांगना एयरपोर्ट के आसपास घूम रहे थे, तभी 3 अज्ञात बाइक सवार उनका पीछा करने लगे। सुनसान जगह देखकर बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और रौब दिखाते हुए कहा कि वे फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के लोग हैं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकाकर पैसे और सोने की चेन देने को कहा। जब पीड़ितों ने पैसे न होने की बात कही, तो बदमाश हैवानियत पर उतर आए।

बेल्ट से लहूलुहान कर बनाया बंधक, जंगल में ले जाकर दरिंदगी
पैसे न मिलने पर आरोपियों ने युवक की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की और उसे असहाय हालत में वहीं बंधक बना दिया। इसके बाद दो आरोपी रोती-बिलखती युवती को जबरन घने जंगल की ओर खींच ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी से इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए।

पुलिस महकमे में हड़कंप, टीमें गठित
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद लहूलुहान और सहमे हुए युवक ने तुरंत हिम्मत जुटाकर पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

10 दिनों के भीतर दूसरी वारदात से इलाके में दहशत
चित्रकूट के जंगलों और सुनसान इलाकों में अपराधियों के बुलंद हौसलों ने पुलिसिया गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि महज 10 दिन पहले भी मानिकपुर थाना क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके दोस्त को बंधक बनाकर 3 युवकों ने गैंगरेप किया था। उस मामले की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि देवांगना एयरपोर्ट के पास हुई इस नई वारदात से पूरे जिले में सनसनी और दहशत का माहौल है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static