Agra News: केमिकल व्यापारी की बेरहमी से जान लेने वाला नौकर गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली....25 हजार का था इनामी

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2024 - 09:48 AM (IST)

Agra News: आगरा के रसायन कारोबारी दिलीप गुप्ता की हत्या और डकैती के मामले में वांछित तथा 25 हजार रुपए के इनामी उनके घरेलू सहायक लोकेश को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लोकेश को पुलिस ने जिला जेल रोड पर घेरा। खुद को घिरा हुआ देखकर उसने गोलीबारी शुरू कर दी और जवाब में पुलिस की ओर से चलाई गई एक गोली उसके पैर में लगी।

लोकेश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस के मुताबिक लोकेश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि घरेलू सहायक लोकेश ने कर्ज उतारने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लूट में शामिल मास्टरमाइंड कासिम, राजू कुशवाहा सहित छह लोगों को पूर्व में गिरफ्तार किया था। पुलिस उपायुक्त (नगर)सूरज कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे लोकेश के जेल रोड पर आने की सूचना मिली जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि लोकेश के पास से एक तमंचा, डीवीआर, 3320 रुपये नकदी, सोने की चेन बरामद की गई है।

1 अप्रैल 2024 को डकैती के दौरान व्यापारी की कर दी गयी थी हत्या
पुलिस ने बताया कि शहर के सुल्तानगंज निवासी दिलीप गुप्ता रसायन कारोबारी थे और एक अप्रैल 2024 को डकैती के दौरान उनकी हत्या कर दी गयी थी। ताजगंज अंतर्गत हरजूपुरा निवासी लोकेश उनका घरेलू सहायक था और वही तीन आरोपियों को ग्राहक बनाकर गुप्ता के पास लाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static