बुलंदशहर में आधी रात को एनकाउंटर: जवाबी फायरिंग में घायल हुआ विपिन का हत्यारा फैजान, नाले में फेंकी थी लाश
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 11:58 AM (IST)
Bulandshahr News: बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने एक ई-रिक्शा चालक की हत्या में शामिल बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सिकंदराबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) भास्कर कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में संतपुरा रोड पर जांच चल रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा चालक को रुकने का इशारा किया गया तो वह सनौटा रोड की तरफ जाने लगा। कुमार के अनुसार जिस दौरान पुलिस उसका पीछा कर रही थी, तभी ई-रिक्शा कच्चे रास्ते पर फंस गया।
सीओ ने बताया कि ई-रिक्शे में दो बदमाश सवार थे। उन्होंने कहा कि खुद को घिरा देख दोनों ने पुलिस टीम पर गोली चलाई और आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान फैजान निवासी रिसालदारान मोहल्ला, सिकंदराबाद के रूप में हुई है। वहीं, फरार बदमाश का नाम जैद बताया जा रहा है, जो सिकंदराबाद का ही रहने वाला है। घायल फैजान के पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में फैजान ने कबूला कि दो जून को थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के चोला रोड पर बंद फैक्ट्री के बाहर नाले में मृत मिले विपिन (20) की हत्या उसने जैद के साथ मिलकर की थी। उन्होंने बताया कि दोनों ने ई-रिक्शा लूटने के इरादे से विपिन की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया था कुमार ने कहा कि घायल फैजान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, वहीं फरार जैद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

