गाजियाबाद में बड़ी कार्रवाई: मस्जिद के बाहर बनी 14 अवैध दुकानें ध्वस्त, ₹2.75 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 07:35 AM (IST)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला प्रशासन ने मोदी नगर क्षेत्र के बेगमाबाद बुढाना गांव में जामा मस्जिद के बाहर सड़क किनारे बनी 14 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रशासन ने लगभग 700.9 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर मोदीनगर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया। सर्किल रेट के अनुसार इस भूमि की कीमत लगभग 2.75 करोड़ रुपए बताई गई है।

14 दुकानें अवैध घोषित, मस्जिद समिति पर ₹2.22 करोड़ का जुर्माना
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 30 मई, 2026 को एसडीएम न्यायालय के आदेश के बाद की गई। अदालत ने विवादित भूमि को नगर पालिका परिषद की संपत्ति घोषित करते हुए उस पर बनी 14 दुकानों को अवैध करार दिया था। साथ ही मस्जिद समिति पर 2.22 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। ध्वस्तीकरण अभियान उपजिलाधिकारी (SDM) मोदीनगर अजीत कुमार की देखरेख और सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) की मौजूदगी में चलाया गया। एसडीएम अजीत कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद भूमि को मोदीनगर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया गया है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मिला था 48 घंटे का अल्टीमेटम
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार मस्जिद के बाहर की भूमि को लेकर नगर पालिका परिषद और मस्जिद समिति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अदालत के आदेश के बाद दुकानदारों को 48 घंटे के भीतर दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने पर प्रशासन ने कार्रवाई की।

दुकानों के साथ बीच में बना गेट भी जमींदोज
बताया जा रहा है कि कुछ दुकानदारों ने पहले ही दुकानें खाली कर दी थीं, जबकि शेष ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह भूमि गेट नंबर 1014 के अंतर्गत सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज थी। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बीच बना एक गेट भी ध्वस्त कर दिया गया। राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static