25 शादियां और करोड़ों की ठगी: महाठग समधी के खिलाफ BJP विधायक ने दर्ज कराई FIR
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 07:46 AM (IST)
Sitapur News: 25 महिलाओं से पहचान छिपाकर शादी करने और करोड़ों रुपए ठगने वाले महाठग अनुज त्रिवेदी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उसके अपने समधी और सेवता सीट से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने भी उसके खिलाफ शिकंजा कस दिया है। विधायक ने सीतापुर के रेउसा थाने में अनुज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
बता दें कि करीब 2 साल पहले, 14 फरवरी 2024 को भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की शादी मिश्रिख निवासी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर से की थी। इस हाई-प्रोफाइल शादी में करीब 15 हजार मेहमान शामिल हुए थे। शिकायत के अनुसार, बेटी के मांगलिक होने की वजह से शादी तय करने से पहले परिजनों ने अनुज के परिवार की जांच-पड़ताल की थी। उस वक्त अनुज त्रिवेदी ने खुद को मुंबई का बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताया था, जबकि बेटे प्रखर को स्कूल संचालक, बागवान और किसान बताया था।
ये भी पढ़ें:- राम मंदिर CEO पद के इंटरव्यू की तारीख तय: 5200 आवेदनों में से रेस में बचे सिर्फ 18 नाम
शादी के 2 साल बाद सोशल मीडिया के जरिए विधायक परिवार को अनुज के इस काले कारनामे की भनक लगी। जांच करने पर पता चला कि अनुज ने अलग-अलग पहचान बताकर करीब 25 महिलाओं से शादियां कीं और उनके साथ करोड़ों की ठगी की। इस खुलासे के बाद विधायक पहले ही सोशल मीडिया पर अनुज से सभी रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर चुके थे और अब उन्होंने औपचारिक रूप से पुलिस में केस दर्ज करा दिया है।
फिलहाल, अनुज त्रिवेदी मुंबई के डोंबिवली थाने में दर्ज एक एफआईआर के मामले में महाराष्ट्र पुलिस की न्यायिक हिरासत में है। अब सीतापुर पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अगर मुंबई पुलिस अनुज को सीतापुर लाती है, तो 25 शादियों और ठगी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
अपने ही सिस्टम पर बुरे भड़के BJP MLA,कहा-अधिकारी खुद करवा रहे चोरपना,SDM और कलेक्टर का सुनाया किस्सा

