इटावा में लखनऊ जैसा खौफनाक कांड: कर्ज के लिए कलयुगी बेटे ने पिता को डंडों से पीटा, फिर रजाई में लपेटकर जिं/दा जलाया!
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 07:31 AM (IST)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए चर्चित मानवेंद्र सिंह हत्याकांड जैसी ही एक रूह कंपा देने वाली वारदात इटावा जिले से सामने आई है। जहां एक नशेड़ी बेटे ने महज कुछ बीघा जमीन और कर्ज चुकाने के लालच में अपने सगे पिता की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने ना सिर्फ पिता को मौत के घाट उतारा, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को जलाकर उसे हादसे का रूप देने की कोशिश भी की।
वारदात का खौफनाक मंजर
यह घटना इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नीलोई गांव की है। 25 जनवरी की रात आरोपी गजराज ने अपने पिता मुन्नालाल को निशाना बनाया। गजराज ने खेतों में बने एक कमरे के अंदर पिता को अकेला पाकर उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।पिता की मौत सुनिश्चित करने के बाद, आरोपी ने शव को रजाई और बोरियों में लपेट दिया। इसके बाद उन पर डीजल छिड़क कर आग लगा दी, ताकि दुनिया को लगे कि यह महज एक दुर्घटना थी।
क्यों बना बेटा कातिल?
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य अपराध के पीछे नशा, कर्ज और संपत्ति का लालच था। आरोपी गजराज शराब पीने का आदी है और नशे की वजह से उस पर भारी कर्ज हो गया था। गजराज अपना कर्ज उतारने के लिए पिता के नाम की जमीन बेचना चाहता था। पिता मुन्नालाल जमीन बेचने के सख्त खिलाफ थे। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जो मुन्नालाल की मौत पर खत्म हुआ।
पुलिस को गुमराह करने की नाकाम साजिश
हत्या करने के बाद शातिर गजराज ने खुद ही पुलिस को सूचना दी ताकि किसी को उस पर शक ना हो। उसने इसे एक सामान्य आग लगने की घटना बताने की कोशिश की। हालांकि, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस की पैनी नजरों से वह बच नहीं सका।
रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मुन्नालाल की मौत डंडों की पिटाई और फिर जलने की वजह से हुई थी। जब पुलिस ने गजराज से कड़ाई से सवाल-जवाब किए, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
प्रशासनिक कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी (सीओ) जसवंतनगर आयुषी सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था ताकि संपत्ति उसके नाम हो सके। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे और अन्य सामान बरामद कर लिए हैं। आरोपी गजराज के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) और 238(a) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

