तेजस की रफ्तार... और ट्रैक पर पिता-बेटी के चिथड़े: सफेद कार छोड़ मौत के गले लगे दोनों,  रूह कंपा देगा कलह का ये खौफनाक अंत!

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 12:58 PM (IST)

Unnao News: कानपुर-लखनऊ रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए। जहां गंगाघाट थाना क्षेत्र के सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक 45 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 14 साल की मासूम बेटी के क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस हादसे की वजह से ट्रैक पर हाई-स्पीड तेजस और गोमती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें करीब आधे घंटे तक खड़ी रहीं।

पारिवारिक कलह ने ली दो जानें
पुलिस की शुरुआती जांच में इस खौफनाक कदम के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। गंगाघाट थाने के एसएसआई दिलीप प्रजापति के मुताबिक, मृतक मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में सहजनी में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि घर में चल रहे किसी तनाव के कारण पिता ने अपनी किशोर बेटी के साथ आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया।

ट्रैक पर मिले शव, मची अफरा-तफरी
घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। रेलवे क्रॉसिंग के गेटमैन ने जब ट्रैक पर दो शवों को क्षत-विक्षत हालत में देखा, तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल के पास ही उनकी सफेद रंग की कार खड़ी मिली, जिससे वे वहां पहुंचे थे।

आधे घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात
रेलवे ट्रैक पर शव होने की वजह से सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों को रोकना पड़ा। लखनऊ-कानपुर रूट की वीआईपी ट्रेन तेजस एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस को करीब 30 मिनट तक खड़ा रहना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को ट्रैक से हटाया और शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और खड़ी कार की जांच की जा रही है। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिर वो कौन सा विवाद था जिसने एक पिता को अपनी ही बेटी के साथ मौत को गले लगाने पर मजबूर कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static