लखनऊ मर्डर मिस्ट्री: पिता की बगल में सोकर मौत का इंतजार करता रहा बेटा, 50 लाख के शक में पड़े थप्पड़ ने बेटे को बनाया खूंखार कातिल!
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 09:27 AM (IST)
Lucknow News: आशियाना के सेक्टर-एल में हुए कारोबारी मानवेंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जिस बेटे पर पिता ने भरोसा कर उसे अपने साथ सुलाया, वही बेटा रात भर जागकर पिता की मौत का इंतजार करता रहा। जैसे ही पिता की आंख लगी, बेटे ने राइफल से उनके सीने में गोली दाग दी। इस पूरी वारदात के पीछे संपत्ति, चोरी का शक और एक पुरानी नफरत की कहानी सामने आई है।
कातिल बेटा और मासूम बहन
20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे आशियाना इलाके में गोली की आवाज से सन्नाटा पसर गया। पैथोलॉजी और शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49) अपने बेटे अक्षत और बेटी कृति के साथ कमरे में सो रहे थे। अक्षत ने पुलिस को बताया कि वह रात भर जागकर पिता के सोने का इंतजार कर रहा था। पिता रात 1:30 बजे तक मोबाइल पर ऑनलाइन थे। पिता के गहरी नींद में जाते ही अक्षत उठा और अपनी ही बहन की तरफ से राइफल तानकर पिता को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पास सो रही बहन कृति चीखते हुए जाग गई।
थप्पड़, चोरी और नफरत
पुलिस पूछताछ में हत्या के तीन मुख्य कारण सामने आए हैं:-
50 लाख रुपयों का विवाद
घर में रखे 50 लाख रुपयों में से कुछ पैसे कम होने पर मानवेंद्र ने अक्षत पर शक किया था। इससे पहले भी अक्षत ने घर से ब्रेसलेट और अंगूठी चोरी की थी। चोरी के शक में पिता ने उसे कई थप्पड़ मारे थे और गोली मारने की धमकी दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए अक्षत ने हत्या की साजिश रची।
मां की मौत का बदला
सूत्रों के अनुसार, मानवेंद्र की किसी अन्य महिला से नजदीकियां थीं। अक्षत को लगता था कि उसकी मां ने इसी विवाद के कारण आत्महत्या की थी। पिता के प्रति यह नफरत उसके मन में घर कर गई थी।
संपत्ति पर कब्जा
अक्षत को डर था कि पिता सारी संपत्ति उस महिला के नाम ना कर दें।
बहन का बयान और डर
पुलिस ने मानवेंद्र की बेटी कृति से काउंसलर्स की मदद लेकर पूछताछ की। कृति ने बताया कि वह बुरी तरह डर गई थी। उसे लगा कि मां पहले ही चली गईं और अब पिता भी नहीं रहे, अगर वह सच बोलती तो भाई भी जेल चला जाता। इसीलिए वह वारदात के बाद डर कर अपनी चाची के पास चली गई थी।
अस्पताल में भर्ती है आरोपी
जेल भेजने के बाद अक्षत की तबीयत बिगड़ने की खबर है। वह घबराहट और बेचैनी की शिकायत कर रहा है, जिसके बाद उसे अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस अब तीनों (पिता, बेटा और बेटी) के कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि कड़ियों को जोड़ा जा सके।

