PM आवास योजना की किश्त मिलते ही प्रेमी संग फरार हुई महिला, 3 बच्चों को भी ले गई साथ; विभाग ने जारी किया नोटिस

punjabkesari.in Thursday, Jul 31, 2025 - 02:45 PM (IST)

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त मिलते ही एक महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला अपने 3 बच्चों को भी साथ ले गई है। घटना के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। अब महिला के खिलाफ नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी गई है।

कहां का है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला अमेठी जिले के रेभा गांव का है। जहां की रहने वाली उतरा कुमारी की शादी साल 2013 में गांव के ही राम सजीवन नाम के युवक से हुई थी। लेकिन वर्ष 2023 में राम सजीवन की बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उतरा कुमारी को सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए सहायता राशि दी गई। योजना के तहत हाल ही में उसके खाते में 40 हजार रुपए की पहली किश्त भेजी गई थी।

पैसे मिलते ही हुई गायब
पैसे खाते में आते ही उतरा कुमारी ने अपने तीन बच्चों को साथ लिया और अपने प्रेमी के साथ गांव छोड़कर फरार हो गई। कई दिनों से उसके घर पर ताला पड़ा हुआ है और उसका कोई पता नहीं चल पाया है

कौन है महिला का प्रेमी?
गांव वालों का कहना है कि राम सजीवन की मौत के बाद उतरा कुमारी के किसी व्यक्ति से प्रेम संबंध बन गए थे। वह आदमी अक्सर महिला के घर आता था। ग्रामीणों ने बताया कि उस व्यक्ति को पहले भी पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था, लेकिन इसके बावजूद दोनों के मिलने-जुलने पर कोई रोक नहीं लगी।

पड़ोसियों ने क्या कहा?
महिला की पड़ोसन निर्मला ने बताया कि उतरा आवास योजना का पैसा लेकर चली गई है। उसका कोई अता-पता नहीं है। पहले भी उसका प्रेमी घर आता था और घरवाले विरोध करते थे, पुलिस भी आई थी। वहीं गांव के एक और व्यक्ति संदीप ने बताया कि  हमने सुना है कि उसका पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पैसा मिला तो वह उसी के साथ भाग गई।

विभाग में मचा हड़कंप
इस घटना के बाद विकास विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने उतरा कुमारी के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है। ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) बृजेश सिंह ने कहा कि महिला के प्रेमी संग भागने की जानकारी मिली है। महिला को नोटिस दिया गया है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static