मथुरा में नागिन का कहर! एक के बाद एक 3 लोगों को डसा, क्या वाकई ले रही है बदला?... जानिए सच्चाई

punjabkesari.in Friday, Jul 25, 2025 - 01:42 PM (IST)

Mathura News: हाल ही में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सिहोरा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने गांव में दहशत फैला दी है। जहां एक के बाद एक 3 लोगों को सांप ने डस लिया, जिनमें से एक की मौत हो गई और 2 को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद गांव में यह चर्चा जोरों पर है कि नागिन ने बदला लिया है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना की सच्चाई और इससे जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं को।

क्या है पूरी घटना?
- 3 जुलाई: गांव के युवक सचिन ने एक सांप को मार डाला।
- 4 दिन बाद: मनोज के घर में एक सांप देखा गया, लेकिन पकड़ में नहीं आया।
- 10 जुलाई: मनोज अपने घर की छत पर सो रहा था, तभी सांप ने उसे डस लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- 11 जुलाई: मनोज के अंतिम संस्कार में उसका बहनोई दिनेश आया। उसी रात दिनेश और मनोज का भाई पप्पू एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। देर रात दोनों को भी सांप ने काट लिया। उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज के बाद दोनों की जान बच गई। इस पूरी घटना के बाद गांव में अफवाह फैल गई कि नागिन बदला ले रही है। लोगों का मानना है कि मरे हुए सांप की नागिन ने यह हमला किया है।

क्या वाकई नागिन बदला लेती है? जानिए वैज्ञानिक सच
भारत में नाग-नागिन से जुड़ी कई कहानियां मशहूर हैं। बॉलीवुड की 1976 की फिल्म ‘नागिन’ में भी नागिन को इंसानों से बदला लेते दिखाया गया था। लेकिन क्या यह सब सच है?

क्या सांप इंसानों का चेहरा याद रखता है?
नहीं। यह पूरी तरह एक मिथक (झूठी कहानी) है। वैज्ञानिकों के अनुसार सांपों का दिमाग इतना विकसित नहीं होता कि वह किसी का चेहरा पहचान सके या याद रख सके। उनका मस्तिष्क बहुत सीमित कार्य करता है – जैसे शिकार करना, खतरा भांपना और बचाव करना।

क्या सांप दूध पीते हैं?
नहीं। यह भी एक गलत धारणा है। सांप दूध नहीं पीते क्योंकि उनका पाचन तंत्र दूध को पचाने के लायक नहीं होता। नागपंचमी पर सांपों को दूध पिलाने की परंपरा सिर्फ एक धार्मिक मान्यता है, इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

क्या सांप के बच्चे जहरीले नहीं होते?
गलत। सांप के नवजात बच्चे अक्सर वयस्क सांपों से ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं क्योंकि वे काटते समय पूरा जहर छोड़ देते हैं। इसलिए यह मान लेना कि बच्चे कम जहरीले होते हैं, भूल है।

क्या करें अगर कहीं सांप दिखे?
- सांप दिखने पर उसे मारें नहीं, बल्कि वन विभाग या स्थानीय विशेषज्ञों को बुलाएं।
- घर के आसपास साफ-सफाई रखें, ताकि सांप ना छुप सकें।
- खुले में सोने से बचें, खासकर बरसात के दिनों में।
- सांप काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें, घरेलू उपायों पर भरोसा ना करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static