टला बड़ा हादसा: बारिश के बाद 20 फीट धंस गई पॉश इलाके की सड़क, गड्ढे में उतरे सपा नेता तो मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 08:14 AM (IST)
Agra News: ताजनगरी आगरा के सबसे पॉश इलाकों में शुमार कमला नगर क्षेत्र के कर्मयोगी एन्क्लेव चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 6 बजे बारिश के बाद जलकल विभाग की पाइपलाइन में हुए लीकेज से सड़क के बीचों-बीच अचानक जमीन धंस गई। पलक झपकते ही वहां करीब 20 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा भयानक गड्ढा बन गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त वहां से कोई गाड़ी या स्कूली बस नहीं गुजर रही थी, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। नगर निगम और जलकल विभाग की नाकामी का विरोध करने के लिए सपा नेता नितिन कोहली अनोखे अंदाज में सामने आए। वे सीढ़ी लगाकर सीधे 20 फीट गहरे गड्ढे के भीतर उतर गए और इंची टेप से उसकी नापजोख करने लगे। प्रशासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार ने ताजनगरी को गड्ढा नगरी बनाकर छोड़ दिया है। निर्माण की घटिया गुणवत्ता के चलते कभी भी किसी की जान जा सकती है।
रूस के मिसाइल हमले में कीव में बना एक क्रेटर
— Praveen Panghal | प्रवीन पंघाल | ਪ੍ਰਵੀਣ ਪੰਘਲ 🏹 (@ppanghalch) August 7, 2026
कुछ लोग इसे यूपी के आगरा की धंसी सड़क बताएँगे। 😬 pic.twitter.com/ELAz9V5nDu
मामले की गंभीरता को देखते हुए जलकल विभाग के जीएम कुमार गौरव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गड्ढे का मुआयना किया। हालांकि, स्थानीय निवासियों में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि इसी सड़क पर पिछले एक महीने के भीतर सड़क धंसने का यह तीसरा मामला है। इससे महज 10 फीट की दूरी पर पहले भी सड़क धंस चुकी है। इस रास्ते से रोज दर्जनों स्कूल बसें और सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं। इलाके के लोगों ने मांग की है कि प्रशासन केवल इस गड्ढे में मिट्टी भरकर खानापूर्ति न करे, बल्कि पूरी सड़क की गुणवत्ता की नए सिरे से जांच कराई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

