''गिरगिटी भाषा बोलते हैं मुख्यमंत्री'', CM Yogi के गिरगिट वाले बयान पर अखिलेश यादव ने किया पलटवार
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 02:43 PM (IST)
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पलटवार करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह "गिरगिटी भाषा" का इस्तेमाल करते हैं। इससे एक दिन पहले आदित्यनाथ ने कहा था कि सपा को रंग बदलते देखकर तो गिरगिट भी सकुचा जाए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, "सच तो यह है कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, भले ही भाजपा ऐसा नहीं चाहती थी।'' उन्होंने कहा, ''चूंकि परिसीमन के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दल एकजुट थे, इसलिए भाजपा की साजिश (महिलाओं के साथ धोखा करने की) बेनकाब हो गई। इसीलिए, अपनी हार को छिपाने के लिए, वे बस महिलाओं (आरक्षण) के मुद्दे को जिंदा रखना चाहते हैं।'' यादव ने कहा कि वे 'नारी वंदन' को महज एक 'नारा' बनाकर रखना चाहते हैं।"
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा, "हमारे मुख्यमंत्री 'गिरगिटी भाषा' का इस्तेमाल करते हैं, यानी गिरगिट जैसी भाषा। अगर ऐसा कोई शब्द मौजूद नहीं है, तो मैं चैटजीपीटी से इस नए शब्द को गढ़ने के लिए कहूंगा। अगर उनके पुराने बयान निकाले जाएं और आज के बयान पढ़े, देखे और सुने जाएं तो आपको एहसास होगा कि असली गिरगिट कौन है। आपको यह भी दिखेगा कि महिलाएं कितनी असुरक्षित हैं।"

