आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों की मदद करें सपा कार्यकर्ता: Akhilesh Yadav
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 05:16 PM (IST)
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बुधवार को आंधी-तूफान के कारण विभिन्न जिलों में हुए नुकसान के मद्देनजर राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर करने की मांग करते हुए अपने कार्यकर्ताओं का भी प्रभावित लोगों की मदद का आह्वान किया। यादव ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में आंधी-तूफान और बारिश के कारण हुई दुर्घटनाओं में लखनऊ में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सपा कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे आपदा के इस समय में सभी प्रभावित लोगों की यथासंभव सहायता करें। यादव ने सरकार से राहत एवं बचाव का कार्य युद्ध स्तर पर करने, घायलों के अच्छे-से-अच्छे मुफ्त इलाज की तुरंत व्यवस्था करने, पीड़ितों को खाना-पानी जल्द से जल्द उपलब्ध कराने, उनके रहने की अस्थायी व्यवस्था कराने, मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार कराने, जान-माल, फसल व वाहन आदि के नुकसान का आकलन करके मुआवजा दिलाने की मांग की।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार को अचानक मौसम के करवट बदलने के कारण आए आंधी-तूफान के चलते हुए हादसों में 89 लोगों की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को राहत देने के आदेश दिये हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
TMC के समर्थन में उतरे अखिलेश.. बीजेपी पर कसा तंज, कहा- बंगाल के नतीजे मनमाने ढंग से तय किये गये हैं

