पानी के ऊपर चलते थे और जानवरों की भाषा समझने में थे माहिर, जानें देवरहा बाबा के रहस्यमयी जीवन और चमत्कारी शक्तियों के बारे में

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 09:55 AM (IST)

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित देवरहा बाबा का आश्रम एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है। देवरहा बाबा को सनातन धर्म के महान संतों में से एक माना जाता है। उन्हें भगवान का रूप माना जाता है और उनका जीवन रहस्य और चमत्कारों से भरा हुआ था। देवरहा बाबा का जन्म कब हुआ और कितने वर्षों में उन्होंने जीवन की यात्रा पूरी की, यह आज भी एक रहस्य बना हुआ है। किवदंती के अनुसार, उनका जन्म देवरिया में हुआ था और उन्हें दिव्य पुरुष के रूप में पूजा जाता था।

राम मंदिर के सूत्रधार थे देवरहा बाबा
देवरहा बाबा का एक अहम योगदान राम मंदिर के निर्माण में था। उन्हें राम मंदिर आंदोलन का सूत्रधार माना जाता है। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि राम मंदिर का निर्माण शांति और न्यायालय के रास्ते से होगा, और आज वही हो रहा है। बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़े-बड़े लोग उनके पास आते थे, जिनमें जॉर्ज पंचम और इंदिरा गांधी जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।

चमत्कारिक शक्तियां
देवरहा बाबा को लेकर कई चमत्कारिक मान्यताएं प्रचलित हैं। कहा जाता है कि उन्हें कभी भी चलते हुए नहीं देखा गया। वह नदी में आधे घंटे तक रह सकते थे और पानी पर चल सकते थे। उन्हें जानवरों की भाषा समझने की अद्भुत क्षमता थी, यही कारण था कि वह खतरनाक जानवरों को आसानी से काबू कर लेते थे। उनके पास लोग अपने मन की बात बिना कहे ही साझा कर सकते थे, क्योंकि उन्हें लोगों के मन की बात पता चल जाती थी।

बाबा का आश्रम और पूजा विधि
देवरहा बाबा का आश्रम मिर्जापुर के विंध्याचल में स्थित है, जहां आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी 2 बार हर साल बाबा के दर्शन करने आते हैं। बाबा मचान पर बैठकर भक्तों को आशीर्वाद देते थे, और वहां से प्रसाद के रूप में फल और अन्य वस्तुएं भक्तों को मिलती थीं। आश्रम में भगवान हनुमान की विशेष पूजा की जाती है, और बाबा की कृपा से यहां हर कोई शांति और आशीर्वाद प्राप्त करता है।

देवरहा बाबा का योगदान और आशीर्वाद
देवरहा बाबा को ब्रह्म अवतार माना जाता है। उनके आशीर्वाद से ही राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ है। आश्रम की ओर से प्रभु को भोग के रूप में शुद्ध घी से बने लड्डू भेजे जाते हैं। उनकी कृपा से आज भी लोग आध्यात्मिक शांति और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static