2 घंटे में The End! बुर्का पहनकर खिलौना बंदूक से लूटे लाखों के गहने, पर एक गलती ने प्रेमी जोड़े को पहुंचाया सलाखों के पीछे

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 09:04 PM (IST)

Ayodhya News: राम नगरी अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में एक ऐसी लूट की वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। यहां एक प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर फिल्मी अंदाज में सर्राफा दुकान को अपना निशाना बनाया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी लूट की स्क्रिप्ट महज एक खिलौना पिस्टल के दम पर लिखी गई थी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे इनका यह ड्रामा ज्यादा देर नहीं टिक पाया।

बुर्का, पायल और प्लास्टिक की पिस्टल
घटना 2 अप्रैल की है। कोठी बाजार स्थित एक ज्वैलरी शॉप में पायल कोरी (21) नाम की युवती बुर्का पहनकर ग्राहक बनकर दाखिल हुई। उसने दुकानदार को झांसे में लिया और सोने के गहने दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार गहने दिखाने में व्यस्त हुआ, पायल ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और दुकानदार पर तान दी। उसने धमकी दी कि आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी!दुकानदार खौफ में आ गया और युवती करीब 26 ग्राम सोने के जेवर लेकर दुकान से बाहर भाग निकली।

बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था प्रेमी
दुकान के बाहर पायल का प्रेमी राहुल कुमार (21) अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक लेकर पहले से ही तैयार खड़ा था। जैसे ही पायल लूट का माल लेकर बाहर आई, दोनों बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।

CCTV के जाल में फंसे प्रेमी लुटेरे
लूट की सूचना मिलते ही एसएसपी गौरव ग्रोवर के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें एक्टिव हुईं। पुलिस ने जब दुकान के बाहर लगे CCTV फुटेज खंगाले, तो उसमें पूरी वारदात कैद मिली। सबसे बड़ी कामयाबी तब मिली जब भागते समय उनकी बाइक का नंबर कैमरे में साफ नजर आ गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और महज 2 घंटे के भीतर प्रेमी जोड़े को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

बाजार से खरीदा था बुर्का और खिलौना पिस्टल
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने इस लूट की प्लानिंग पहले से ही कर रखी थी। राहुल ने बाजार से खास तौर पर एक बुर्का और बच्चों के खेलने वाली प्लास्टिक की पिस्टल खरीदी थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके और बिना असली हथियार के वारदात को अंजाम दिया जा सके।

क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सारा सामान बरामद कर लिया है:-
- करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के हार और चेन।
- वारदात में इस्तेमाल बुर्का और प्लास्टिक की पिस्टल।
- भागने में इस्तेमाल की गई सुपर स्प्लेंडर बाइक।
- दो मोबाइल फोन और एक बैग।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस तुरंत कार्रवाई के लिए स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static