UP Budget 2026: 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में गुंडे माफिया सरकार चला रहे थे- विधानसभा में विपक्ष पर बरसे योगी
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 06:30 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित और क्षेत्रीय विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत से चर्चा की। प्रदेश में कानून व्यवस्था, रोजगार जैसे कई मुद्दों पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विचार से व्यवस्था और व्यवस्था से विकास पर काम हो रहा है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
संरक्षण में गुंडे माफिया सरकार चला रहे थे
योगी ने कहा कि 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में गुंडे माफिया सरकार चला रहे थे। सबसे बड़ा आबादी का राज्य अपनी पहचान के लिए मोहताज था। पहले उत्तर प्रदेश को शक की निगाहों से देखा जाता था लेकिन आज देश के टॉप थ्री राज्यों में यूपी की पहचान बन गई है। आज यूपी भारत की इकोनॉमी का ब्रेकथ्रू है पहले नीतिगत उदासीनता थी जिस बजह से प्रदेश पिछड़ा हुआ था। आज नई परिभाषा के साथ उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही सरकार
2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में अपराधी, गुंडे माफिया पल रहे थे, लेकिन जब से उत्तर प्रदेश भाजपा की सरकार बनी है तब से जीरो टॉलरेंस पर काम हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि पहले गुंडे माफिया सरकार चला रहे थे, कानून चंद हाथों की जागीर बन चुकी थी। अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू और न दंगा हो रहा है पर्व त्यौहार आस्था के साथ लोग मना रहे हैं, लेकिन पहले पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था ना बेटी सुरक्षित थी ना व्यापारी थे। आज यूपी उपद्रव नहीं उत्सव प्रदेश है।
आज भय नहीं है आस्था का माहौल है- योगी
उन्होंने कहा कि आज टेंपल इकोनामी ग्रोथ कर रही है। 2013 के कुंभ में 12 करोड़ श्रद्धालु आए थे, इस बार के माघ मेला में 21 करोड़ श्रद्धालु आए हैं। 2017 से लगता अब तक कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। यहां ना कर्फ्यू है ना दंगा है यूपी में सब चंगा है। महिलाओं को सुरक्षा और व्यापारियों को भय मुक्त वातावरण है देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। 2 लाख से अधिक पुलिस की भर्तियों में 20% महिलाओं को जगह मिली है। आज महिला पुलिस कर्मियों की संख्या 44000 है। पुलिस की ट्रेनिंग क्षमता को कई गुना बढ़ाया गया है।
बिना भेदभाव के नौकरी दी
उन्होंने कहा कि कोई किसी पक्ष का हो यूपी का निवासी है तो बिना भेदभाव के नौकरी दी गई है। 3000 की पुलिस ट्रेनिंग की क्षमता नहीं थी आज हम 60000 से अधिक की ट्रेनिंग करवा रहे हैं। आज पुलिस खपरैल में नहीं बड़ी-बड़ी बिल्डिंगों में है। मॉडल पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस कमिश्नरेट आज है। फॉरेंसिक में भी डिग्री डिप्लोमा के कोर्स प्रारंभ हो चुके हैं। 2017 के पहला साइबर क्राइम के दो थाने थे आज हर जनपद में साइबर थाना है। हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क है। पहले यूपी के अंदर 2 लैब थी, आज 12 लैब काम कर रही, छह निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही प्रदेशवासियों को सुरक्षा दे सकती है।

