''कांवड़ियों को आतंकी कैसे कहा?''... मौलाना रशीदी के बयान पर भड़के BJP विधायक, थाने पहुंचकर मांगी NSA की कार्रवाई
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 08:09 AM (IST)
UP Politics News: मौलाना साजिद रशीदी द्वारा कांवड़ यात्रियों को लेकर दी गई विवादित टिप्पणी के बाद सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है। इस मामले में गाजियाबाद की लोनी सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर अचानक लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और मौलाना के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर सौंपी।
मिली जानकारी के मुताबिक, हजरतगंज कोतवाली परिसर में एक निजी चैनल से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए भाजपा विधायक ने मौलाना रशीदी के बयानों पर कड़ा आक्रोश जताया। नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि कांवड़ यात्रा सदियों पुरानी एक अत्यंत पवित्र सनातन परंपरा है। श्रद्धालु 150-150 किलो की कांवड़ कंधे पर उठाकर नंगे पैर मीलों का सफर तय करते हैं, जिनके पैरों में छाले तक पड़ जाते हैं। ऐसे निष्ठावान श्रद्धालुओं को आतंकवादी कहना सीधे तौर पर करोड़ों सनातनियों की आस्था का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना रशीदी जानबूझकर कांवड़ियों को भड़काने और प्रदेश में सांप्रदायिक दंगे भड़काने की साजिश रच रहे हैं। विधायक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मौलाना पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जाए, मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और उन्हें फांसी की सजा दी जाए।
बातचीत के दौरान भाजपा विधायक ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौलाना रशीदी ने पिछले दिनों सपा सांसद डिंपल यादव पर भी अभद्र टिप्पणी की थी, लेकिन अखिलेश यादव और उनकी पार्टी खामोश बैठी रही। सपा की इसी तुष्टीकरण की राजनीति की वजह से मौलाना के हौसले इतने बुलंद हुए हैं। इस दौरान विधायक ने हज यात्रा और अन्य धार्मिक विषयों को लेकर भी कई तीखे बयान दिए, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। हजरतगंज पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
पूर्व BJP विधायक की बेटी का बड़ा आरोप- CJP Protest में मुझे गलत तरह से छूआ, विरोध करने पर मुझे ही...

