राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला, बोले- हिंदू आस्था का अपमान बर्दाश्त नहीं

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 08:27 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को राम मंदिर के मुद्दे को लेकर निशाना साधते हुए विपक्ष पर हिंदू आस्था का अपमान और मंदिर आंदोलन का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी को भी भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। नवीन ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी अप्रासंगिक हो गई है और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी की ''साइकिल कबाड़खाने में भेज दी जाएगी''।

हिंदू धर्म को कमजोर मत समझो
उन्होंने जोर देकर कहा कि 'विकसित भारत' का लक्ष्य हासिल करने के लिए भाजपा को 2047 तक चुनाव जीतते रहना होगा। विपक्षी दलों के नेताओं को अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में वित्तीय अनियमितता मामले में चुनौती देते हुए नवीन ने कहा कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आ जाएंगे। नितिन नवीन ने यहां राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल में अवध क्षेत्र के शक्ति केन्‍द्र संयोजकों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ''राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल जी हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आएंगे, आपके भरमाने में आयेंगे।

अपने शासन काल में कार सेवकों पर गोलियां चलवाई
 उन्होंने आरोप लगाया, ''हमने देखा है कि जब हिंदू देवी देवताओं का अपमान होता है तो आप मौन रहते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देखा गया है कि जब राम चरित मानस का अपमान हुआ तो कांग्रेस के लोग मौन बैठे थे। नवीन ने कहा, ''आज कुछ लोग अयोध्या के श्रीराम मंदिर की चर्चा कर रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने प्रभु श्रीराम के होने के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। इन लोगों ने उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दायर किया कि प्रभु श्रीराम एक काल्पनिक चीज हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने कार सेवकों पर गोलियां चलाई थीं और अयोध्‍या की पवित्र नगरी पर खून की नदियां बहीं थीं।

प्रभु श्रीराम की आस्‍था से कोई खेल नहीं सकता
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज वे लोग आस्‍था की बात करते हैं, ये घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी हिंदू धर्म की आस्‍था की बात उठा ही नहीं सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विहिप का संघर्ष और 500 वर्षों का आस्‍था का जो संघर्ष है, वह कहीं न कहीं अयोध्या के भव्‍य श्रीराम मंदिर के रूप में सामने दिखता है। नवीन ने कहा, ''मैं स्‍पष्‍ट कहना चाहता हूं कि हमारा खून भी बह जाएगा तो हम इस बात की चिंता करेंगे कि प्रभु श्रीराम की आस्‍था से कोई खेल नहीं सकता, चाहे कितनी भी कुर्बानी देनी पड़े।

महापुरुषों की जन्म भूमि ने देश ही नहीं दुनिया को रास्‍ता दिखाया
नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्‍पष्‍ट किया है कि हर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्‍होंने कहा, ''आपने तो खून की नदियां बहाई हैं, आपकी विरासत हिंदुओं पर गोली चलाने की रही है और हमारी विरासत देवी देवताओं की आस्‍था के लिए कुर्बान होने की रही है।'' नवीन ने कहा, ''हमने विरासत को संजोया है, उसको संभालेंगे भी और उस पर गर्व करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।'' नितिन नवीन ने कहा कि शक्ति केन्‍द्र के संयोजकों के बल पर 2027 में फिर से भाजपा का कमल खिलने को तैयार है। उन्‍होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्‍य में भारत की आत्‍मा बसती है और उस उप्र में जहां पर प्रभु श्रीराम का जन्‍म का हुआ हो, वहां मर्यादा पुरुषोत्तम हमारे आदर्श ही नहीं हम सबको दिशा देते हैं। इस भूमि ने ऐसे महापुरुषों को जन्‍म दिया जिसने देश ही नहीं दुनिया को रास्‍ता दिया है।

 तुष्टिकरण की रा‍जनीति कर रहा विपक्ष
नवीन ने कहा, ''जब मैं यहां राष्ट्र प्रेरणा स्‍थल का भ्रमण कर रहा था तो गर्व की भावना आई, इस राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल का श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्‍याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्‍मृति में निर्माण किया गया है। यह आने वाले वर्षों तक युवा पीढ़ी को प्रेरणा देगा कि भाजपा का नेतृत्‍व किस प्रकार विरासत और विकास को लेकर कार्य करता है।'' भाजपा अध्यक्ष ने पूर्ववर्ती विपक्ष की सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, ''2017 के पहले के उत्तर प्रदेश की चर्चा करना चाहूंगा कि जिस प्रदेश ने केवल भ्रष्टाचार देखा, तुष्टिकरण की रा‍जनीति देखी, परिवारवाद के जहर को देखा है।

सीएम योगी के नेतुत्व में फिर बनेगी सरकार 
 उन्होंने आरोप लगाया, ''उप्र में क्षत्रपों का राज रहता था, हर क्षेत्र का एक क्षत्रप होता था, वही सत्‍ता चलाता था, लखनऊ में बैठा मुख्‍यमंत्री एक अलग सरकार चलाता था और क्षत्रप एक अलग सरकार चलाता था।'' नवीन ने पिछले 12 वर्षों में देश और नौ वर्षों से उप्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 'डबल इंजन' सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा, ''अब उप्र में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का विजन है 'एक जिला-एक उत्पाद' और उस समय 'एक जिला-एक गुंडा' होता था।'' उन्‍होंने कहा कि अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने हर जिले से ही नहीं हर कस्‍बे से गुंडा और माफिया को समाप्‍त करने का कार्य किया है। सम्मेलन को उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्‍यमंत्रियों - केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static