अखिलेश यादव का केंद्र और यूपी सरकार पर बड़ा हमला, बोले-''जब तक BJP सत्ता में है, महंगाई नहीं जाएगी''

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 05:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कमरतोड़ महंगाई और भारी टैक्स के बोझ ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में महंगाई तभी कम होगी जब भाजपा नेता सत्ता से बाहर होंगे।

PunjabKesari

टैक्स और रसोई गैस की कीमतों पर घेरा

अखिलेश यादव ने एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दामों में हुई हालिया बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के राज में एक बार कीमतें बढ़ती हैं, तो वे फिर कभी कम नहीं होतीं। उन्होंने टैक्स प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा "आम आदमी पर टैक्स का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। आज गाड़ियों पर 50 प्रतिशत तक टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे सामान्य नागरिकों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। सरकार जरूरी चीजों की कीमतें नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है।"

कानून व्यवस्था और कानपुर कांड पर सवाल

यूपी की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कानपुर की एक घटना का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कॉल डिटेल से अधिकारियों और तस्करों के बीच साठगांठ उजागर हुई है। उन्होंने सवाल किया कि यदि पुलिस अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा सकते हैं, तो तस्करों के रिकॉर्ड की जांच क्यों नहीं की जा रही?

PunjabKesari

सपा के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं

अपनी सरकार के समय हुए विकास कार्यों को याद करते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी में एक्सप्रेसवे, लैपटॉप वितरण, गोमती रिवरफ्रंट, डायल-100 सेवा और एम्बुलेंस नेटवर्क का विस्तार समाजवादी पार्टी की ही देन है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सबसे ज्यादा थर्मल पावर प्लांट भी सपा शासन के दौरान ही लगाए गए थे।

विदेशी नीति और चुनाव आयोग पर टिप्पणी

रूस से तेल: अखिलेश यादव ने कहा कि रूस भारत का पुराना और भरोसेमंद साथी रहा है। यदि वहां से सस्ता तेल मिल रहा है, तो अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हमें इसका लाभ उठाना चाहिए।

चुनाव आयोग: उन्होंने आरोप लगाया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी की वजह से ही लोकतंत्र सुरक्षित है।

PDA गठबंधन का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व डीआईजी राम शरद राम सहित कई नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने एक बार फिर दोहराया कि भविष्य में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) गठबंधन ही सरकार बनाएगा, क्योंकि जनता का भरोसा अब इसी गठबंधन पर है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News

static