गाने, तेज रफ्तार गाड़ी और सनरूफ वाला अर्धनग्न स्टंट: पुलिस ने काटा 21,500 का चालान, भूल जाएंगे सड़क पर हुड़दंग मचाना

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 12:34 PM (IST)

Hapur News: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर अपनी जान जोखिम में डालकर स्टंट करने वाले एक युवक को पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। तेज रफ्तार कार की सनरूफ से बाहर निकलकर अर्धनग्न अवस्था में हंगामा करने वाले इस युवक पर हापुड़ पुलिस ने 21,500 रुपए का भारी-भरकम चालान काटा है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली इलाके की है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें देखा गया कि एक युवक चलती कार की सनरूफ से आधा बाहर निकला हुआ है। कार काफी तेज रफ्तार में थी और उसमें ऊंचे स्वर में गाने बज रहे थे। युवक के इस खतरनाक स्टंट को पीछे चल रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और उसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया।

ये भी पढ़ें:- नोएडा DM की दो टूक: सुधर जाएं आउटसोर्सिंग एजेंसियां वरना होंगी Blacklist, मजदूरों के शोषण पर गिरेगी गाज

पुलिस के संज्ञान में आया वीडियो, तुरंत हरकत में आया प्रशासन 
जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। हापुड़ यातायात पुलिस ने वीडियो में दिख रही गाड़ी के नंबर की पहचान की और मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन का कुल 21,500 रुपये का ऑनलाइन चालान काट दिया है।

यातायात निरीक्षक नरेश कुमार की जनता से अपील
यातायात निरीक्षक नरेश कुमार ने इस कार्रवाई के बाद जनता से अपील की है कि सड़क पर चलते समय नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के स्टंट न केवल चालक के लिए जानलेवा हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसी किसी भी अनुशासनहीनता पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static